उत्तर प्रदेश फतेहपुर जनपद में स्कूलों में हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए पांच शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार भी बरामद किए गए हैं। इस कार्रवाई में शामिल पुलिस टीम को 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार भी दिया गया है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि थाना गाजीपुर क्षेत्र के कम्पोजिट विद्यालय सोनबरसा बहुआ में 20 मार्च और 30 मार्च 2026 की रात अज्ञात चोरों द्वारा ताला तोड़कर कंप्यूटर सिस्टम, गैस सिलेंडर और रसोई का सामान चोरी कर लिया गया था। इस मामले में थाना गाजीपुर में मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी। एसपी ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक के पर्यवेक्षण और पुलिस उपाधीक्षक जाफरगंज के नेतृत्व में थाना गाजीपुर पुलिस, इंटेलिजेंस विंग और एसओजी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर 1 अप्रैल को कोतवाली क्षेत्र के शांतिनगर मोहल्ले में अंशु सोनी के मकान में किराए पर रह रहे राकेश विश्वकर्मा के कमरे में छापा मारकर पांच लोगों को चोरी का सामान बांटने की तैयारी करते समय पकड़ लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में राकेश विश्वकर्मा निवासी रमवां थाना राधानगर, अरविंद कुमार निवासी लोधीगंज थाना कोतवाली, वीरेंद्र कुमार लोधी निवासी मिट्ठनपुर खुराना थाना कोतवाली, सुरेश कुमार लोधी निवासी मिट्ठनपुर खुराना थाना कोतवाली और गुलाम रसूल निवासी घोसियाना ज्वालागंज थाना कोतवाली शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से छह बड़े और दो छोटे गैस सिलेंडर, कंप्यूटर से जुड़े उपकरण, पंखे, मिक्सी, ड्रिल मशीन, प्रोजेक्टर, एलईडी मॉनिटर, रसोई के बर्तन सहित बड़ी मात्रा में सामान और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गांवों में स्थित स्कूलों की पहले रेकी करते थे और रात में ताला तोड़कर गैस सिलेंडर, कंप्यूटर, पंखे और बर्तन चोरी कर लेते थे। चोरी का सामान सस्ते दामों में बेचकर उससे मिलने वाले पैसों से अपने परिवार का खर्च चलाते थे। आरोपियों ने राधानगर, थरियांव, कल्याणपुर, हुसैनगंज और बिंदकी क्षेत्रों के स्कूलों में भी चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक ने टीम को 15 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

By

Share
Share