उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के गाजीपुर थाना क्षेत्र के लच्छीरामपुर गांव में मंगलवार को एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस व फोरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य संकलित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार लच्छीरामपुर निवासी स्वर्गीय रामकृपाल लोधी की 70 वर्षीय पत्नी सुमित्रा देवी मंगलवार सुबह अपने खेत पर गई थीं। जहां उन्होंने कुंदरू की फसल बो रखी थी। करीब सुबह 11 बजे वह खेत में ही बेहोशी की हालत में पड़ी मिलीं। खेत की ओर गए ग्रामीणों ने उन्हें देखा और तत्काल परिजनों को सूचना दी। परिजन आनन-फानन में उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतका के परिवार में तीन पुत्र व तीन पुत्रियां हैं, जिनमें बड़े पुत्र की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम ने भी घटना स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थानाध्यक्ष हनुमान प्रताप सिंह सूर्यवंशी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मामले की गहन जांच की जा रही है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

By

Share
Share