किसानों से मुलाकात कर उठाए फसल नुकसान और न्याय के मुद्दे, कटोंघन टोल प्लाजा पर सुबह से डटे रहे किसान, प्रशासन रहा अलर्ट, न्याय में कमी रही तो फिर लिखेंगे सरकार को पत्र” टिकैत, उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में बुधवार को भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत के फतेहपुर आगमन पर खागा तहसील क्षेत्र में किसानों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। कटोंघन टोल प्लाजा पर सुबह से ही हजारों किसान कार्यकर्ता अपने नेता के स्वागत के लिए डटे रहे, जबकि दूसरी ओर जिला प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। टिकैत का काफिला कटोंघन टोल प्लाजा से बुदवन मार्ग होते हुए भादर रोड स्थित प्रेमनगर कस्बा पहुंचा, जहां उन्होंने पाल कृषक सेवा केन्द्र पर किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इसके बाद सुल्तानपुर घोष में नित्या स्वीट्स हाउस के संचालक एवं भाकियू जिला उपाध्यक्ष विपिन सिंह के आवास पर पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान राकेश टिकैत हथगाम थाना क्षेत्र के अखरी गांव भी पहुंचे, जहां एक वर्ष पूर्व हुए ट्रिपल मर्डर कांड में मृत किसान नेता पप्पू सिंह की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही परिजनों से मुलाकात कर सांत्वना दी और आश्वासन दिया कि न्याय में यदि कहीं कमी रह गई है तो सरकार को पुनः पत्र भेजकर न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा। वहीं मीडिया से बातचीत में टिकैत ने बेमौसम बारिश से किसानों को हो रहे नुकसान पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस वर्ष कई राज्यों में गेहूं की फसल बारिश के कारण प्रभावित हुई है, जिस पर सरकार को गंभीरता से संज्ञान लेना चाहिए और किसानों को राहत प्रदान करनी चाहिए। इसके साथ ही अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी बयान देते हुए उन्होंने कहा कि अमेरिका और ईरान के बीच तनाव को समाप्त करने के लिए भारत को भी पहल करनी चाहिए और युद्ध रोकने के लिए प्रभावी विदेश नीति के तहत रणनीति बनानी चाहिए। राकेश टिकैत का यह दौरा किसानों के मुद्दों को लेकर एक बार फिर सक्रियता का संकेत माना जा रहा है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

