उत्तर प्रदेश फतेहपुर जनपद ने जन शिकायतों के निस्तारण में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए प्रदेश स्तर पर आईजीआरएस (इंटीग्रेटेड ग्रिवांस रिड्रेसल सिस्टम) रैंकिंग में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। मार्च माह में प्राप्त शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के चलते जिले ने यह मुकाम हासिल किया, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था की कार्यशैली की व्यापक सराहना हो रही है। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के कुशल निर्देशन में आईजीआरएस से जुड़ी शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग की गई। उन्होंने प्रतिदिन शिकायतों की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। इसके परिणामस्वरूप लंबित मामलों में तेजी से कमी आई और अधिकतर शिकायतों का समाधान निर्धारित समय सीमा के भीतर सुनिश्चित किया गया। जनपद के सभी 21 थानों ने भी इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई। थानास्तर पर शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जांच और निस्तारण की प्रक्रिया अपनाई गई। अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की गई, जिससे कार्य में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित हुई। इसी सामूहिक प्रयास का परिणाम रहा कि फतेहपुर जनपद पूरे प्रदेश में शीर्ष स्थान पर पहुंच सका। आईजीआरएस पोर्टल के माध्यम से आम नागरिक अपनी शिकायतें ऑनलाइन दर्ज कराते हैं, जिनका समयबद्ध समाधान प्रशासन की प्राथमिकता होती है। इस दिशा में फतेहपुर पुलिस और प्रशासन ने बेहतर समन्वय स्थापित कर लोगों को त्वरित राहत दिलाने का काम किया है। इस उपलब्धि से न केवल प्रशासनिक तंत्र की कार्यकुशलता सिद्ध हुई है, बल्कि आमजन का विश्वास भी मजबूत हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी इसी तरह पारदर्शिता और तत्परता के साथ कार्य करते हुए जन शिकायतों के निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी, ताकि जनता को समय पर न्याय मिल सके।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

