उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उ.प्र. लखनऊ एवं जिलाधिकारी फतेहपुर के निर्देश पर नगर क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सघन जांच अभियान चलाया। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित के नेतृत्व में “फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स (एफएसडब्ल्यू) मोबाइल लैब के माध्यम से विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों से कुल 35 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए, जिनमें से 4 नमूने मानक के अनुरूप नहीं पाए गए। अभियान के दौरान 13 खाद्य कारोबारकर्ताओं को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता के प्रति प्रशिक्षित और जागरूक भी किया गया। मोबाइल टेस्टिंग लैब द्वारा मौके पर ही कुछ ही मिनटों में जांच रिपोर्ट संबंधित दुकानदारों को उपलब्ध करा दी गई। जांच के दौरान बिसौली, भिटौरा रोड, पत्थरकटा चौराहा तथा पुलिस अधीक्षक आवास के आसपास स्थित दुकानों से बूंदी लड्डू, बेसन, पेड़ा, बर्फी, काली मिर्च, सौंफ, जीरा, चना दाल, हल्दी पाउडर, टमाटर चटनी, खोया, पनीर, दूध, आइसक्रीम, नमकीन व चायपत्ती सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। जिन प्रतिष्ठानों के नमूने मानक के अनुरूप नहीं पाए गए, उन्हें कड़ी चेतावनी देते हुए भविष्य में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही मौके पर उपस्थित दुकानदारों एवं आम लोगों को खाद्य पदार्थों में मिलावट से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया। इस अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी सिद्धार्थ कुमार भी मौजूद रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

