उत्तर प्रदेश कौशाम्बी जनपद में संचालित परिषदीय विद्यालयों में बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति व नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शासन व विभाग के निर्देश पर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में विकासखंड कड़ा के कंपोजिट विद्यालय सौंरई बुजुर्ग में शनिवार को शिक्षकों ने जागरूकता अभियान चलाया। बच्चों के नामांकन व उपस्थिति के लिए शिक्षकों की टीम घर-घर जाकर दस्तक दे रही है और अभिभावकों को जागरूक कर रही है। विद्यालय के शिक्षक अजय कुमार साहू के नेतृत्व में शिक्षकों की टीम गांव भ्रमण पर निकली और घर-घर पहुंचकर अभिभावकों से संपर्क किया। इस दौरान शिक्षकों ने बच्चों की शिक्षा के महत्व को समझाया और उन्हें नियमित रूप से विद्यालय भेजने की अपील की। शिक्षकों की टीम घर-घर पहुंचकर दस्तक दे रही है, ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रह जाए। टीम ने उन परिवारों को विशेष रूप से चिन्हित किया, जिनके बच्चे अभी तक विद्यालय में नामांकित नहीं हैं। शिक्षकों ने बताया कि 6 से 14 वर्ष तक के सभी बच्चों का नामांकन प्राथमिक विद्यालय में कराया जाना आवश्यक है, जबकि 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों का नामांकन आंगनबाड़ी व बाल वाटिका में कराया जा रहा है। इस दौरान अभिभावकों को शासन द्वारा दी जा रही सुविधाओं—निःशुल्क शिक्षा, किताबें, यूनिफॉर्म और मध्याह्न भोजन—की भी जानकारी दी गई। शिक्षकों ने कहा कि इन योजनाओं का पूरा लाभ तभी मिलेगा, जब बच्चे नियमित रूप से विद्यालय आएंगे। शिक्षक ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य शत-प्रतिशत नामांकन और उपस्थिति सुनिश्चित करना है। इसके लिए शिक्षकों की टीम लगातार घर-घर जाकर दस्तक दे रही है और लोगों को प्रेरित कर रही है। गांव भ्रमण टीम में सहायक अध्यापक राजेश शर्मा, राम प्रसाद, राठौर शशि देवी सहित चार शिक्षक शामिल रहे। ग्रामीणों ने भी शिक्षकों के इस प्रयास की सराहना करते हुए अपने बच्चों को नियमित स्कूल भेजने का आश्वासन दिया।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

