उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में नवागत जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने संभाली जिले की कमान, जनपद में सुशासन एवं पारदर्शिता के साथ किया जाएगा कार्य। आज 22 अप्रैल 2026 को नवागत जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने जनपद का कार्यभार ग्रहण किया। वह वर्ष 2015 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। उन्होंने आगरा एवं लखनऊ में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, हरदोई में मुख्य विकास अधिकारी, बरेली में नगर आयुक्त तथा अमरोहा में जिलाधिकारी के पद पर कार्य किया है। उन्होंने कोषागार में विधिवत कार्यभार ग्रहण किया।
कार्यभार संभालने के पश्चात जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जनपद में सुशासन एवं पारदर्शिता के साथ कार्य किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारा जाए, जिससे लाभार्थियों तक समयबद्ध तरीके से लाभ पहुंचे और योजनाओं का उद्देश्य सार्थक हो।

जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, विकास कार्यों को गति देने तथा शिकायतों के प्रभावी समाधान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान हेतु जनसुनवाई को प्राथमिकता दी जाएगी तथा प्राप्त फीडबैक के आधार पर आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) अविनाश त्रिपाठी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सुनील कुमार, उपजिलाधिकारी सदर, वरिष्ठ कोषाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

