उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के विकासखंड असोथर के सराय खालिस गांव स्थित पंचायत भवन में राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस के अवसर पर गुरुवार को कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत अधिकारी दीपक तिवारी ने ग्रामीणों को पंचायती राज व्यवस्था के महत्व और उसकी उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ग्राम प्रधान स्मिता देवी ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायती राज दिवस मनाया जाता है। यह दिवस वर्ष 1993 में लागू हुए 73वें संवैधानिक संशोधन अधिनियम की याद दिलाता है, जिसके तहत पंचायतों को संवैधानिक दर्जा मिला। उन्होंने बताया कि इस दिन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण स्तर पर लोकतंत्र को मजबूत करना, जनभागीदारी को बढ़ावा देना और गांवों के समग्र विकास को गति देना है। ग्राम पंचायत अधिकारी दीपक तिवारी ने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था का मूल उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय स्वशासन को सशक्त बनाना है। उन्होंने बताया कि भारत सरकार द्वारा वर्ष 2010 से इस दिवस को मनाया जा रहा है, ताकि पंचायतों की भूमिका और उनके महत्व को जन-जन तक पहुंचाया जा सके। इस अवसर पर पंचायत सहायक आकांक्षा देवी, रोजगार सेवक ज्ञानेंद्र सिंह, प्रधान प्रतिनिधि लक्ष्मी शंकर गौतम, प्रदीप यादव, लव कुश, विक्रम, धीरेंद्र साहू सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

