उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के किसनपुर थानां क्षेत्र के गाजीपुर विजयीपुर मार्ग पर शनिवार रात करीब नौ बजे बारातियों से भरी मिनी बस आगे जा रहे डंफर से टकराकर खंती में पलट गई। हादसे में 12 से 15 बाराती घायल हो गए। ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को बाहर निकालकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां तीन की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, किशनपुर थाना क्षेत्र के नरौली गांव निवासी बंसीलाल निषाद के पुत्र शिवशंकर की बारात शनिवार शाम असोथर थाना क्षेत्र के रमसोलेपुर गांव जा रही थी। मिनी बस में करीब 45 बाराती सवार थे। पुर बुजुर्ग गांव के पास तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे डंफर से टकरा गई, जिससे बस सड़क किनारे खंती में उतरकर पलट गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण तत्काल पहुंचे और बस में फंसे लोगों को खिड़कियों के शीशे तोड़कर बाहर निकाला। घायलों में सोनू, गोपाल, लवलेश, टीशू, डपोली, देवा, राजकरन, राज, ननका समेत अन्य लोग शामिल हैं। घायलों को थरियांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सोनू, डपोली और देवा की हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। इसी बीच सूचना पर पहुंचे थाना प्रभारी धीरेन्द्र ठाकुर अपनी पुलिस टीम के साथ राहत कार्य में जुट गए। पुलिस कर्मियों ने ग्रामीणों के साथ मिलकर बस को खंती से निकालने के लिए धक्का लगाया और फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद शेष बारातियों को सकुशल उनके गंतव्य और घर के लिए रवाना कराया गया। थाना प्रभारी की सक्रिय कार्यशैली को देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों और राहगीरों ने उनकी सराहना की। थाना प्रभारी धीरेन्द्र ठाकुर ने बताया कि घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल भेजा गया है। क्रेन की मदद से बस को सीधा कराया गया है। डंफर चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414
