G-FG6935EM07

उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में आज सुबह हुई बेमौसम बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया। अचानक बदले मौसम के कारण खेतों में कटी पड़ी गेहूं की फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। किसानों के अनुसार, कई जगहों पर फसल के बंधे हुए बोझ भीग गए हैं, जिससे उपज में लगभग 50 प्रतिशत तक कमी आने की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय किसान अजय सिंह, प्रमोद सिंह, ननकू सिंह और फूल सिंह ने बताया कि बारिश के चलते उनकी गेहूं की थ्रेसिंग का कार्य भी पूरा नहीं हो सका है। यह फसल उनके परिवार के भरण-पोषण का मुख्य साधन है, ऐसे में नुकसान ने उनकी चिंता बढ़ा दी है। किसानों का कहना है कि अब भीगी हुई फसल को सुखाने और सुरक्षित रखने में अतिरिक्त मेहनत और लागत लगेगी। लगातार नमी के कारण गेहूं में दीमक और अन्य कीटों का प्रकोप बढ़ने की भी संभावना जताई जा रही है, जिससे नुकसान और बढ़ सकता है। बारिश के चलते कटाई और मड़ाई का कार्य लगभग एक सप्ताह तक प्रभावित रहने की आशंका है। भारतीय किसान यूनियन के सदस्य करण सिंह सहित क्षेत्र के कई किसानों ने प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर नुकसान का आकलन करने और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। किसानों ने लेखपालों से तत्काल क्षति का मूल्यांकन कर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की अपील की है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

By

Share
Share