Spread the love

उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में मदर्स डे के अवसर पर बिंदकी कस्बे के महरहा रोड स्थित जगदीश धाम के निकट शौर्य किड्स प्ले स्कूल में एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में आठ विशिष्ट माताओं को सम्मानित कर उनके योगदान को सराहा गया। इस अवसर पर संध्या सिंह, सुनीता देवी, रेखा शुक्ला, शारदा देवी, लता देवी, अनीता, अर्चना और सरोज देवी को पटका पहनाकर एवं उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि इस धरती पर मां का स्थान सर्वोच्च होता है। मां का निस्वार्थ प्रेम, त्याग और परिवार के प्रति समर्पण अतुलनीय है। हर मां अपने बच्चों के लिए पहली दोस्त, शिक्षक और मार्गदर्शक होती है। कवि एवं साहित्यकार तथा विद्यालय की प्रबंधक स्वर्णिमा सिंह ने कहा कि जिन माताओं को सम्मानित किया गया है, उन्होंने संघर्षपूर्ण जीवन जीते हुए अपने बच्चों का बेहतर पालन-पोषण और शिक्षा सुनिश्चित की है, जो उन्हें सम्मान का पात्र बनाता है। वहीं कवि एवं साहित्यकार गौरव सिंह ‘अबोध’ ने कहा कि मां का हृदय प्रेम का अथाह सागर है, जिसका कोई अंत नहीं है। इस संसार में मां का स्थान कोई नहीं ले सकता और उनका आशीर्वाद हर कठिनाई को आसान बना देता है। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने मातृत्व की महत्ता को रेखांकित करते हुए सभी माताओं को नमन किया।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

By