उत्तर प्रदेश कौशाम्बी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र के निधियावाँ ग्राम पंचायत स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर को चोरों ने निशाना बनाते हुए मंदिर से घंटा और भगवान की प्रतिमा में लगी चांदी की आंखें चोरी कर लीं। घटना की जानकारी होने पर ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। बताया गया कि गांव के बाहर तालाब किनारे पंचमुखी हनुमान जी का मंदिर बना हुआ है। मंदिर के पुजारी भोलेंद्र प्रतिदिन की तरह रविवार सुबह पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे तो मंदिर का सामान अस्त-व्यस्त देखकर उनके होश उड़ गए। पास जाकर देखा तो मंदिर में लगा घंटा व हनुमान जी की प्रतिमा में लगी चांदी की आंखें गायब थीं। घटना की सूचना पुजारी ने तत्काल कोखराज पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक स्थल पर चोरी की घटना से लोगों की आस्था को ठेस पहुंची है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर चोरों की तलाश में जुटी है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

