G-FG6935EM07

उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के केमिस्ट एवं दवा व्यापारियों ने ऑनलाइन माध्यम से हो रही कथित दवा बिक्री, फर्जी ई-प्रिस्क्रिप्शन और अत्यधिक छूट (डीप डिस्काउंटिंग) के विरोध में मोर्चा खोलते हुए प्रधानमंत्री के नाम संबोधित मांगपत्र स्थानीय प्रशासन को सौंपा। दवा व्यापारियों ने आरोप लगाया कि बिना स्पष्ट वैधानिक प्रावधानों के ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स द्वारा दवाओं की होम डिलीवरी कराई जा रही है, जिससे मरीजों के स्वास्थ्य और पारंपरिक दवा व्यवसाय दोनों पर संकट उत्पन्न हो रहा है। केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि ऑनलाइन माध्यम से दवाओं की बिक्री में कई प्रकार की अनियमितताएं सामने आ रही हैं। उनका कहना है कि बिना सत्यापित चिकित्सकीय परामर्श के ई-प्रिस्क्रिप्शन के आधार पर दवाओं की आपूर्ति की जा रही है, जो जन स्वास्थ्य के लिए गंभीर चिंता का विषय है। साथ ही, क्विक कॉमर्स और ई-फार्मेसी प्लेटफॉर्म्स द्वारा भारी छूट देकर बाजार व्यवस्था को प्रभावित किया जा रहा है, जिससे छोटे और लाइसेंस धारी दवा विक्रेताओं का व्यापार प्रभावित हो रहा है। संगठन के पदाधिकारियों ने दावा किया कि ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट 1940 एवं नियम 1945 में ऑनलाइन दवा बिक्री का स्पष्ट प्रावधान नहीं है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2018 में जारी अधिसूचना GSR 817(E), जिसे जनमत के लिए लाया गया था, अब प्रासंगिक नहीं रह गई है। वहीं कोविड-19 महामारी के दौरान आपातकालीन व्यवस्था के लिए जारी अधिसूचना GSR 220(E) का वर्तमान समय में कथित रूप से दुरुपयोग करते हुए दवाओं की अनियंत्रित होम डिलीवरी की जा रही है। ज्ञापन के माध्यम से संगठन ने सरकार से कई प्रमुख मांगें रखीं। इनमें अवैध ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ तत्काल और कठोर कार्यवाई, बिना वैध एवं सत्यापित ई-प्रिस्क्रिप्शन के दवाओं की होम डिलीवरी पर पूर्ण प्रतिबंध, अधिसूचना GSR 817(E) एवं GSR 220(E) को वापस लेने तथा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स द्वारा अपनाई जा रही कथित ‘प्रिडेटरी प्राइसिंग’ यानी अत्यधिक छूट पर रोक लगाने की मांग शामिल है। दवा व्यापारियों ने कहा कि कोविड महामारी जैसे कठिन दौर में स्थानीय केमिस्टों ने अपनी जान जोखिम में डालकर लोगों तक दवाओं की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की थी। ऐसे में छोटे व्यापारियों और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए सरकार को इस विषय में गंभीरता से हस्तक्षेप करना चाहिए। इस अवसर पर केमिस्ट एवं ड्रगिस्ट संगठन के चेयरमैन किशन मेहरोत्रा, अध्यक्ष सुमित रस्तोगी, महामंत्री राजेश सोनी, व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष शिव चंद्र शुक्ला सहित राजीव गुप्ता, अनिल साहू, अजीत कुमार, गगन अग्रवाल, राजा गुप्ता, यतीश रायजादा, सैय्यद मोनू, ज्ञानेन्द्र श्रीवास्तव, राहुल, मनीष श्रीवास्तव, वीरेन्द्र गुप्ता, हरीश रायजादा, प्रदीप रायजादा, आरिफ अहमद, करण रस्तोगी, राम प्रताप, रवि सोनी, योगेंद्र, प्रभाकर समेत बड़ी संख्या में दवा विक्रेता उपस्थित रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

By

Share
Share