उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र के शोहदमऊ गांव में डॉक्टर भीमराव अम्बेडकर की मूर्ति स्थापना दिवस पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय लोगों, ग्रामीणों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर बाबा साहब को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और संविधान के मूल्यों पर विशेष रूप से चर्चा की गई तथा संध्याकाल में विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहब डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर की गई। आयोजन स्थल पर थाना सुल्तानपुर घोष के उपनिरीक्षक आनंद वर्मा अपने हमराहियों के साथ पहुंचे और बाबा साहब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर आयोजन की सराहना की। इस दौरान कार्यक्रम में साइबर जर्नलिस्ट एसोसिएशन (सीजेए) के राष्ट्रीय महासचिव शीबू खान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण करते हुए उपस्थित लोगों, विशेषकर बच्चों को शिक्षा के प्रति जागरूक होने का संदेश दिया। अपने संबोधन में उन्होंने डॉ. भीमराव अम्बेडकर के मूल उद्देश्यों, शिक्षा के महत्व और सामाजिक जागरूकता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे मजबूत माध्यम है। आयोजन समिति की ओर से बच्चों को कॉपी, किताबें और पेन वितरित कर शिक्षा को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया। साथ ही समाज और पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे पत्रकारों एवं कलमकारों को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत गुट) के युवा जिलाध्यक्ष विवेक यादव अपनी टीम के साथ पहुंचे और आयोजन में भागीदारी की। वक्ताओं ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर के जीवन संघर्ष, संविधान निर्माण में उनकी भूमिका तथा सामाजिक समानता के लिए उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। संध्याकाल में आयोजित विशाल भंडारे में समूचे गांव सहित अन्य लोगों ने भी प्रसाद ग्रहण किया। वहीं रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रम में बहुजन मिशन गायिका गुड़िया रानी ने देशभक्ति एवं बहुजन गीतों की प्रस्तुति देकर माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया, जिस पर उपस्थित लोगों ने जमकर सराहना की। कार्यक्रम में अध्यक्ष राजेश कुमार, कोषाध्यक्ष आदर्श कुमार उर्फ मोनू चौधरी, आयोजक डॉ. अरुण केशकर, महेश चौधरी, सुनील कुमार गौतम, अजय बाल्मीकि, महेश कुमार, अरबिंद कुमार, सोनेलाल, राहुल कुमार, डॉ. विनय कुमार, पत्रकार मेराज अहमद, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि गयासुद्दीन, पूर्व प्रधान सुहैल अहमद, विधायक प्रतिनिधि रामनारायण मौर्य, एडवोकेट मोहसिन, दिलीप यादव सहित क्षेत्र के तमाम संभ्रांत लोग मौजूद रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

