G-FG6935EM07

उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले की बिंदकी विधानसभा क्षेत्र के भदबा गांव में समाजवादी पार्टी द्वारा बूथ प्रभारी, सेक्टर प्रभारी, जोन प्रभारी एवं कार्यकर्ताओं का विशाल सम्मान समारोह एवं सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने तथा आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति तैयार करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सम्मेलन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की मौजूदगी से पूरे क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गर्म दिखाई दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नरेश उत्तम पटेल रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में पूर्व कैबिनेट मंत्री आर.के. चौधरी मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता सुरेंद्र प्रताप यादव ने की तथा संचालन जिला उपाध्यक्ष एवं बिंदकी प्रभारी सुरिजपाल रावत ने किया। सम्मेलन के संयोजक वरिष्ठ सपा नेता एवं बिंदकी विधानसभा से संभावित प्रत्याशी डॉ. रामनरेश पटेल रहे। सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद नरेश उत्तम पटेल ने केंद्र एवं प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आज देश और प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बदहाल शिक्षा व्यवस्था से परेशान है। किसानों, युवाओं और व्यापारियों की समस्याओं पर सरकार गंभीर नहीं दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार केवल बड़े-बड़े दावे कर रही है, जबकि आम जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी हमेशा गरीबों, किसानों, युवाओं, पिछड़ों और शोषित वर्ग की आवाज उठाती रही है तथा आने वाले समय में जनता बदलाव का मन बना चुकी है।उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव जाकर पार्टी की नीतियों और राष्ट्रीय नेतृत्व के संदेश को पहुंचाने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि बूथ अध्यक्ष और सेक्टर प्रभारी संगठन की सबसे मजबूत कड़ी हैं और उन्हीं की मेहनत से पार्टी चुनाव में सफलता हासिल करेगी।सम्मेलन में मतदाता सूची पुनरीक्षण को लेकर भी विशेष चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को फॉर्म-6 एवं फॉर्म-8 भरने की प्रक्रिया समझाते हुए मतदाता सूची में गलत नामों को संशोधित कराने और छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया। नेताओं ने कहा कि कोई भी पात्र मतदाता इस प्रक्रिया से वंचित न रहे, इसके लिए बूथ स्तर तक निगरानी की जाए। जिलाध्यक्ष सुरेंद्र प्रताप यादव ने कहा कि संगठन की मजबूती ही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत होती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने और उनकी समस्याओं को पार्टी मंच तक पहुंचाने का आह्वान किया। वहीं अन्य सपा नेताओं ने कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियों से युवा, किसान और व्यापारी सभी परेशान हैं। हाल ही में हुए नीट पेपर लीक प्रकरण का जिक्र करते हुए नेताओं ने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है और जनता आने वाले चुनाव में इसका जवाब देगी। कड़ाके की धूप और गर्मी के बीच भी सम्मेलन में भारी संख्या में लोग मौजूद रहे। आयोजक डॉक्टर रामनरेश की ओर से कार्यकर्ताओं और समर्थकों के लिए साफी, पेयजल एवं जलपान की व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन और जनसंपर्क अभियान को और तेज करने पर जोर दिया गया। पूरे सम्मेलन में संगठनात्मक मजबूती और चुनावी तैयारियों को लेकर विशेष उत्साह और जोश देखने को मिला इस मौके पर पदाधिकारी कार्यकर्ता सहित भारी संख्या में तमाम लोग उपस्थित रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

By

Share
Share