उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के मलवां थाना क्षेत्र और बिंदकी वन रेंज अंतर्गत ग्राम बकौली में देर रात वन विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से अवैध लकड़ी कटान माफियाओं में हड़कंप मच गया। वन विभाग की टीम ने छापेमारी कर महुआ की लकड़ियों से लदे एक वाहन को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। मामले में ठेकेदार समेत कई लोगों पर कार्यवाई में बाधा डालने और दबाव बनाने के आरोप लगे हैं। जानकारी के अनुसार, वन विभाग को देर रात करीब 11 बजे सूचना मिली कि बकौली गांव में बड़े पैमाने पर हरे महुआ के पेड़ों की अवैध कटाई कर लकड़ियां वाहनों में लादी जा रही हैं। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वहां भारी मात्रा में महुआ की लकड़ियां काटकर वाहन में भरी जा रही थीं। आरोप है कि खरगुंसराय निवासी ठेकेदार भोलू अपने करीब 10 मजदूरों के साथ मौके पर मौजूद था। वन विभाग द्वारा कार्यवाई शुरू किए जाने पर वहां मौजूद लोगों ने टीम के साथ अभद्रता करते हुए कार्यवाई रुकवाने की कोशिश की। स्थिति बिगड़ती देख वन विभाग ने तत्काल मलवां थाना पुलिस और डायल 112 को सूचना दी।सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया गया। इसी दौरान ठेकेदार भोलू ने अपने दो अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया। जिनके नाम आशुतोष अवस्थी और संदीप कुमार बताए जा रहे हैं। आरोप है कि दोनों ने वन विभाग की कार्यवाई रुकवाने का दबाव बनाया और लकड़ी व वाहन छोड़ने की बात कही। इतना ही नहीं, अधिकारियों को नौकरी खतरे में पड़ने जैसी धमकियां देने के भी आरोप लगाए जा रहे हैं। काफी देर तक चले तनाव और बहस के बाद वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए लकड़ियों से लदे वाहन को कब्जे में ले लिया। इसके बाद वाहन को सुरक्षा के बीच 52 इमली रेंज कार्यालय लाया गया, जहां सीजर की कार्यवाई पूरी कर रिपोर्ट न्यायालय में प्रस्तुत कर दी गई। फिलहाल मामले में अग्रिम कानूनी कार्यवाई जारी है। अभियान में वन विभाग के कर्मचारी रविंद्र कुमार, अंकित कुमार, महेंद्र कुमार, भूपेंद्र कुमार और श्रुति सहित अन्य वनकर्मी मौजूद रहे। घटना के बाद क्षेत्र में अवैध कटान को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है। ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित ठेकेदार पहले भी गांव में हरे महुआ के पेड़ों की कटाई कर लकड़ियां ले जा चुका है। वन विभाग की इस कार्रवाई के बाद लकड़ी माफियाओं में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

