उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के जाफरगंज थाना क्षेत्र में आगामी बकरीद पर्व को लेकर शुक्रवार शाम थाने का माहौल सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे की मिसाल बन गया। थाना परिसर में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में दोनों समुदायों के संभ्रांत नागरिक, ग्राम प्रधान और क्षेत्रीय गणमान्य लोग एक मंच पर जुटे और शांति, सद्भाव तथा भाईचारे के साथ त्योहार मनाने का संकल्प लिया। बैठक की अध्यक्षता करते हुए थाना प्रभारी प्रमोद कुमार शुक्ल ने लोगों से त्योहार को शांतिपूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि खुले स्थानों पर कुर्बानी की अनुमति नहीं होगी और प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थानों पर ही कुर्बानी की जाए। उन्होंने कहा कि त्योहारों की असली खूबसूरती आपसी प्रेम, सम्मान और सहयोग में होती है, इसलिए सभी लोग कानून व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। इस दौरान सत्तार हुसैन उर्फ पप्पू, रज्जब खान, गुफरान खान, इमरान खान, शिव पूजन सिंह, जयकरन निषाद, अभिषेक सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के सम्मानित नागरिक मौजूद रहे। बैठक के दौरान सौहार्दपूर्ण माहौल देखने को मिला और सभी ने एक स्वर में क्षेत्र में अमन-चैन बनाए रखने का संकल्प दोहराया।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

