उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के बिंदकी में 81 दिवसीय गोरक्षार्थ धर्म युद्ध यात्रा के दूसरे दिन स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती गुरुवार को बिंदकी पहुंचे। कस्बे के पुरानी बिंदकी स्थित मां ज्वाला देवी मंदिर में उनका भव्य स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर शंकराचार्य का अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने मां ज्वाला देवी के दर्शन-पूजन के बाद सभा को संबोधित किया। अपने संबोधन में शंकराचार्य ने सरकार से गाय को ‘राष्ट्र माता’ का दर्जा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में गौ माता को सदियों से पूजनीय माना गया है और हर हिंदू चाहता है कि देश में गौ हत्या पूरी तरह बंद हो। उन्होंने दावा किया कि अन्य धर्मों के कई लोग भी गौ रक्षा के पक्ष में हैं। सभा में मौजूद लोगों से उन्होंने हाथ उठवाकर शपथ दिलाई कि जो लोग गाय को माता नहीं मानते, उन्हें समर्थन न दिया जाए। उन्होंने कहा कि गौ माता की रक्षा के लिए समाज को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा और इसके लिए गर्मी-सर्दी की परवाह नहीं करनी चाहिए। शंकराचार्य ने अपने संबोधन में प्रदेश व केंद्र सरकार की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि गौ रक्षा के नाम पर राजनीति करने वालों को वास्तविकता में ठोस कदम उठाने चाहिए। कार्यक्रम में शिवाकांत तिवारी, वीरेंद्र सिंह, महेंद्र बहादुर सिंह उर्फ बच्चा सिंह, जगत तिवारी, शिवकरण सिंह, आदर्श सिंह चौहान, हेमलता पटेल, हर्ष गुप्ता, राजेंद्र मिश्रा, पंकज यादव, आकाश शुक्ला और विवेक चौहान समेत बड़ी संख्या में श्रद्धालु व स्थानीय लोग मौजूद रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

