G-FG6935EM07

उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में पंचायत सहायक कर्मचारी यूनियन, जनपद शाखा ने पंचायत सहायकों की विभिन्न समस्याओं एवं मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी के माध्यम से ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में पंचायत सहायकों का मानदेय बढ़ाने, सेवा सुरक्षा प्रदान करने तथा अन्य लंबित मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग की गई। यूनियन पदाधिकारियों ने बताया कि पंचायत सहायक ग्राम पंचायतों में डिजिटल सेवाओं, प्रशासनिक कार्यों एवं शासन की जन कल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद उन्हें मात्र छह हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जा रहा है, जो वर्तमान महंगाई के दौर में जीवन-यापन के लिए पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि इतनी कम आय में परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा एवं चिकित्सा संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करना बेहद कठिन हो गया है। ज्ञापन में पंचायत सहायकों का मानदेय बढ़ाकर ग्राम पंचायत सचिव के समकक्ष 30 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने अथवा न्यूनतम कुशल मजदूरी दर लागू करने की मांग की गई है। इसके अलावा अनुबंध व्यवस्था समाप्त कर स्थायी सेवा नियमावली लागू करने, ग्राम पंचायत अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारी के रिक्त पदों की भर्ती में पंचायत सहायकों को 50 प्रतिशत आरक्षण देने, विवाह उपरांत महिला पंचायत सहायकों के स्थानांतरण एवं समायोजन की नीति बनाने तथा पंचायत सहायकों एवं उनके परिवारों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने की मांग भी उठाई गई। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेश के समस्त पंचायत सहायक 15 जून 2026 को लखनऊ स्थित ईको गार्डन में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष जितेंद्र कुमार राय, जिला महामंत्री नकुल कुमार यादव सहित यूनियन के अनेक पदाधिकारी एवं पंचायत सहायक मौजूद रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

By

Share
Share