उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस के अवसर पर जनहित में एक विशाल नि:शुल्क चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह मेगा हेल्थ कैंप 5 जून (आज) को थरियांव गांव में लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल फाउंडेशन एवं एचपीएल फाउंडेशन (चैरिटेबल ट्रस्ट) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होगा। शिविर में क्षेत्र के जरूरतमंद एवं ग्रामीण लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं दवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
लाल बहादुर शास्त्री मेमोरियल फाउंडेशन के चेयरमैन विराज शास्त्री ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिवस को सेवा एवं समर्पण के रूप में मनाने के उद्देश्य से इस स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए यह पहल की गई है। उन्होंने बताया कि शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों की जांच करेंगे तथा उन्हें आवश्यक चिकित्सीय परामर्श प्रदान करेंगे। इसके साथ ही जरूरतमंद मरीजों को नि:शुल्क दवाओं का वितरण भी किया जाएगा। शिविर में आंख, कान, हड्डी, सामान्य रोग सहित अन्य स्वास्थ्य समस्याओं से संबंधित जांच और परामर्श की सुविधा उपलब्ध रहेगी। विराज शास्त्री ने बताया कि उनकी संस्था द्वारा पूर्व में भी कई स्वास्थ्य शिविरों का सफल आयोजन किया जा चुका है, जिनमें हजारों लोगों को चिकित्सीय परामर्श और दवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। इसके अलावा नेत्र रोग से पीड़ित मरीजों को निःशुल्क चश्मे वितरित किए गए तथा श्रवण संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोगों को कान की मशीनें और अन्य आवश्यक उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं। आवश्यकता के अनुसार अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं भी लाभार्थियों को प्रदान की जाती रही हैं। इतना ही नहीं पूर्व में कुसुम्भी गांव में स्वच्छ पानी की सौगात देते हुए आरओ प्लाण्ट शुरू कराया गया है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना है, ताकि आर्थिक अभाव के कारण कोई भी व्यक्ति इलाज से वंचित न रहे। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की। आयोजकों के अनुसार यह शिविर न केवल लोगों को स्वास्थ्य लाभ पहुंचाएगा, बल्कि स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं उनके गांव के निकट ही उपलब्ध होने से उन्हें काफी राहत मिलेगी।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

