उत्तर प्रदेश कौशाम्बी जिले में रोजगार सेवक संघ के संघर्ष और संगठन की एकजुटता का असर अब दिखाई देने लगा है। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर 2 जून से चल रही कलमबंद हड़ताल के बीच शुक्रवार को कौशाम्बी पहुंचे उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को सौंपे गए ज्ञापन पर सरकार ने त्वरित संज्ञान लिया है। इस पर रोजगार सेवक संघ के जिलाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा ने उपमुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए इसे संगठन की एकता और कर्मचारियों के संघर्ष की बड़ी सफलता बताया है।जिलाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा ने बताया कि रोजगार सेवक संघ लंबे समय से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर संघर्षरत था। प्रदेश नेतृत्व के निर्देश पर 2 जून से कलमबंद हड़ताल शुरू की गई थी। शुक्रवार को कौशाम्बी दौरे पर आए उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को ज्ञापन सौंपकर रोजगार सेवकों की समस्याओं और मांगों से अवगत कराया गया। ज्ञापन मिलने के बाद उपमुख्यमंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ग्राम विकास विभाग के आयुक्त को निर्देश दिए कि रोजगार सेवकों की मांगों को सुना जाए और उनके समाधान के लिए शीघ्र आवश्यक कदम उठाए जाएं।
उपमुख्यमंत्री के निर्देश के बाद शनिवार की शाम को ग्राम विकास विभाग के आयुक्त ने संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर रोजगार सेवकों की समस्याओं पर चर्चा की। बैठक में विभाग की ओर से कलमबंद हड़ताल समाप्त करने का अनुरोध किया गया तथा कई महत्वपूर्ण मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई शुरू करने का आश्वासन दिया गया। विभाग द्वारा मोबाइल सी यू जी सिम, एचआर पॉलिसी,स्वास्थ्य बीमा लाभ, बकाया मानदेय से संबंधित मुद्दों पर कार्यवृत्त जारी कर प्रमुख मुद्दों पर पहल किए जाने की जानकारी दी गई।इसके अलावा मनरेगा से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा के लिए विभागीय अधिकारियों और रोजगार सेवक संघ के प्रतिनिधियों को 10 जून को वार्ता के लिए आमंत्रित किया गया है। इसके संबंध में विभाग द्वारा आधिकारिक पत्र भी जारी किया गया है।जिलाध्यक्ष जितेंद्र शर्मा ने कहा कि यह उपलब्धि रोजगार सेवकों की एकजुटता, संगठन की मजबूती और लोकतांत्रिक तरीके से किए गए संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगामी वार्ता में शेष मांगों पर भी सकारात्मक निर्णय लिए जाएंगे और रोजगार सेवकों की लंबे समय से लंबित समस्याओं का स्थायी समाधान निकलेगा। उन्होंने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और जिला अध्यक्ष धर्मराज मौर्य तथा ग्राम विकास विभाग के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार के इस सकारात्मक रुख से रोजगार सेवकों में नई उम्मीद जगी है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

