उत्तर प्रदेश फतेहपुर के थाना औंग क्षेत्रान्तर्गत बिंदकी फार्म गांव में संभावित बाढ़ परिस्थितियों के दृष्टिगत आपदा प्रबंधन तंत्र की तैयारियों, राहत एवं बचाव कार्यों की प्रभावशीलता तथा विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय की समीक्षा हेतु आज एक व्यापक मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम में जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक द्वारा प्रतिभाग कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। मॉक ड्रिल के दौरान संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्र में विभिन्न विभागों द्वारा आपदा की स्थिति में किए जाने वाले राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया गया। इस अवसर पर लाभार्थियों के पंजीकरण की प्रक्रिया का अभ्यास कराया गया तथा राहत शिविर संचालन, खाद्यान्न एवं आवश्यक सामग्री वितरण, चिकित्सा सहायता, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का प्रदर्शन किया गया।

इसके अतिरिक्त भवन ध्वस्तीकरण (Building Collapse) की काल्पनिक स्थिति निर्मित कर यह अभ्यास किया गया कि तेज आंधी, वर्षा अथवा बाढ़ के कारण किसी भवन के क्षतिग्रस्त अथवा ध्वस्त होने की स्थिति में उसमें फंसे व्यक्तियों को किस प्रकार सुरक्षित बाहर निकालकर त्वरित चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान खोज एवं बचाव (Search & Rescue), प्राथमिक उपचार तथा घायलों को अस्पताल पहुंचाने की समस्त प्रक्रियाओं का सफलता पूर्वक प्रदर्शन किया गया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा संबंधित विभागों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए आपदा की स्थिति में त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की मॉक ड्रिल का उद्देश्य संभावित आपदाओं के प्रति प्रशासनिक तंत्र को अधिक सक्षम एवं सजग बनाना है, जिससे वास्तविक आपदा की स्थिति में जन-धन की हानि को न्यूनतम किया जा सके। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित ग्रामीणों द्वारा अपनी विभिन्न समस्याओं एवं आवश्यकताओं से प्रशासन को अवगत कराया गया। जिलाधिकारी महोदया ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि बाढ़ आगमन से पूर्व जिन समस्याओं का समाधान संभव है, उनका प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित कराया जाएगा। साथ ही, आमजन से आपदा प्रबंधन से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करने एवं प्रशासन के साथ सहयोग बनाए रखने की अपील की गई। मॉक ड्रिल का सफल आयोजन प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, राजस्व विभाग, अग्निशमन विभाग, आपदा प्रबंधन प्राधिकरण तथा अन्य संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से संपन्न हुआ।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

