उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के जाफरगंज थाना क्षेत्र के बिंदौर घाट पर यमुना नदी में नहाने गए दो किशोर तेज बहाव की चपेट में आकर गहरे पानी मे डूब गए। स्थानीय गोताखोरों की कड़ी मशक्कत के बाद एक किशोर के शव को बरामद कर लिया गया। जबकि दूसरे की तलाश देर शाम तक जारी रही। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 10 बजे योगेश निवासी जाफरगंज अपने भतीजे ऋषभ मिश्रा 11 पुत्र अभिषेक मिश्रा निवासी जाफरगंज तथा ऋषभ के मौसेरे भाई प्रतीक पांडेय 12 पुत्र प्रमोद पांडेय निवासी चांदपुर थाना चांदपुर के साथ बिंदौर घाट पर यमुना नदी में नहाने गए थे। नहाते समय दोनों किशोर अचानक तेज बहाव के कारण गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों को डूबता देख योगेश ने शोर मचाया। चीख-पुकार सुनकर पास में पशु चरा रहे जय नारायण निषाद और देशराज निषाद निवासी बिंदौर मौके पर पहुंचे और नदी में खोजबीन शुरू की। काफी प्रयास के बाद ऋषभ को बाहर निकाल लिया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं प्रतीक पांडेय का देर शाम तक कोई सुराग नहीं लग सका। परिजनों के अनुसार प्रतीक के पिता प्रमोद पांडेय गाजियाबाद में रहते हैं। गर्मियों की छुट्टियों में वह गांव आया था और अपनी मौसी के घर जाफरगंज घूमने गया हुआ था। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों बच्चे अपने-अपने माता-पिता की इकलौती संतान थे। घटना की सूचना मिलते ही जाफरगंज पुलिस मौके पर पहुंच गई। एसआई कमलेश कुमार ने स्थानीय स्टीमर चालकों और मछुआरों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलवाया। सूचना पर फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और खोजबीन में जुटी रही, लेकिन समाचार लिखे जाने तक प्रतीक का पता नहीं चल सका। इस हृदय विदारक घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पुलिस और स्थानीय गोताखोर यमुना नदी में लापता बालक की तलाश में जुटे हुए हैं।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

By

Share
Share
error: Content is protected !!