उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के अल्लीपुर मेडिकल कॉलेज में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की हकीकत परखने के लिए रविवार को शासन और प्रशासन की टीम एक साथ पहुंची। नोडल अधिकारी जनपद व सचिव चिकित्सा शिक्षा उत्तर प्रदेश सरकार सारिका मोहन और जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने मेडिकल कॉलेज का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने प्रसूति एवं स्त्री रोग विभाग, आपातकालीन सेवाओं, नर्सिंग कॉलेज, लेक्चर हॉल, ऑडिटोरियम, पुस्तकालय, प्रयोगशालाएं, छात्र-छात्राओं के हॉस्टल और वार्डों का गहन अवलोकन किया। दवा उपलब्धता, चिकित्सकीय उपकरणों की स्थिति, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और शिक्षण कार्य की गुणवत्ता भी परखी गई। अधिकारियों ने प्रसूति और आपातकालीन सेवाओं में गुणात्मक सुधार करने के स्पष्ट निर्देश दिए। साथ ही कहा कि मरीजों को समयबद्ध और बेहतर इलाज मिले, स्वच्छता व्यवस्था और सुदृढ़ हो, जरूरी संसाधनों की कमी न रहे। शैक्षणिक गतिविधियां भी प्रभावी तरीके से चलें, इस पर भी ध्यान देने को कहा गया। इस दौरान मेडिकल कॉलेज परिसर में चल रहे निर्माण और विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप रखी जाएं और जो भी कमियां हैं उन्हें जल्द दूर किया जाए। निरीक्षण के समय मुख्य विकास अधिकारी पवन कुमार मीना और मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। इस औचक निरीक्षण से मेडिकल कॉलेज में व्यवस्थाएं दुरुस्त होने और मरीजों को बेहतर इलाज मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

