उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के गाजीपुर थाना क्षेत्र के जागेश्वर तिराहा के पास सोमवार तड़के हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घायल युवक को उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर कराया। जानकारी के अनुसार, सचिन सैनी उर्फ आशुतोष (17 वर्ष) पुत्र सियाराम, निवासी उमरगहना थाना मलवां जो कक्षा 11 का छात्र था। वह अपने ननिहाल अंदमऊ आया हुआ था। सोमवार को वह अपने साथी निरंकार सैनी पुत्र दिनेश, निवासी अंदमऊ थाना असोथर, के साथ पैदल घर जा रहा था। बताया जाता है कि दोनों युवक जब जागेश्वर तिराहा के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि सचिन सैनी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि निरंकार गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्यवाई शुरू की। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, वहीं घायल निरंकार को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मृतक सचिन के पिता सियाराम गांव में मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। परिवार में 13 वर्षीय छोटा भाई अखिलेश भी है। होनहार बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी हुई है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। क्षेत्रीय लोगों ने दुर्घटना करने वाले वाहन चालक के विरुद्ध कड़ी कार्यवाई की मांग की है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

