G-FG6935EM07

उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में आज पैगंबर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम और उम्मुल मोमिनीन हजरत आयशा रजियल्लाहु अन्हा के संबंध में सोशल मीडिया पर कथित रूप से की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में अल्पसंख्यक विभाग कांग्रेस के जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। ज्ञापन में संबंधित महिला के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्यवाई की मांग की गई है। ज्ञापन में कहा गया है कि भारत का संविधान सभी धर्मों के नागरिकों को समान अधिकार और धार्मिक स्वतंत्रता प्रदान करता है। हालांकि किसी भी धर्म, उसके आराध्य या धार्मिक व्यक्तित्व के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग स्वीकार्य नहीं है। समुदाय के लोगों का कहना है कि सोशल मीडिया पर की गई कथित टिप्पणी से मुस्लिम समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं और इससे समाज में वैमनस्य फैलने की आशंका है। ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से तीन प्रमुख मांगें रखी गई हैं। पहली, कथित टिप्पणी करने वाली महिला के खिलाफ तत्काल कठोर और विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। दूसरी, सोशल मीडिया के विभिन्न मंचों पर प्रसारित उसकी तस्वीर और आपत्तिजनक टिप्पणियों को हटाया जाए। तीसरी, भविष्य में किसी भी धर्म, धार्मिक व्यक्तियों अथवा समुदाय की सांस्कृतिक परंपराओं, पहनावे और जीवनशैली पर अपमानजनक टिप्पणी करने वालों के खिलाफ प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।ज्ञापन में यह भी कहा गया कि मुस्लिम समुदाय देश की एकता, अखंडता, भाईचारे और सर्वधर्म समभाव में विश्वास रखता है तथा प्रशासन से अपेक्षा करता है कि ऐसे संवेदनशील मामलों में निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई कर सामाजिक सौहार्द बनाए रखा जाए। इस दौरान कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग जनपद इकाई के जिला चेयरमैन अब्दुल हफीज सहित मुस्लिम समाज के कई लोगों ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर कर अपनी मांगों का समर्थन किया। इस मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष मिस्बाहुल हक, शकीला, समद अली, मो फैजन, मोहम्मद राशिद, महताब सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

By

Share
Share