उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश ने कोटेदारों के लाभांश और न्यूनतम आय की गारंटी की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। एसोसिएशन ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो प्रदेश के करीब 80 हजार कोटेदार अगस्त 2026 से खाद्यान्न वितरण का बहिष्कार करेंगे। मंगलवार के दिन कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष निर्मोही उमेश द्विवेदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कोटेदारों को शासन द्वारा प्रति कुंतल मात्र 90 रुपये का लाभांश दिया जाता है, जबकि हरियाणा और दिल्ली जैसे राज्यों में यह राशि 200 रुपये तथा गोवा में 230 रुपये प्रति कुंतल तक है। वहीं गुजरात में कोटेदारों को न्यूनतम 20 हजार रुपये मासिक आय की गारंटी भी दी जा रही है। ऐसे में उत्तर प्रदेश के कोटेदार सबसे कम लाभांश पर काम करने को मजबूर हैं। ज्ञापन में कहा गया है कि लगातार बढ़ती महंगाई के कारण वर्तमान लाभांश में परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है। कोटेदारों का आरोप है कि कम लाभांश के कारण वे आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं और राशन वितरण व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। एसोसिएशन ने शासन से मांग की है कि लाभांश बढ़ाने के साथ-साथ न्यूनतम आय की गारंटी लागू की जाए। जिलाध्यक्ष निर्मोही उमेश द्विवेदी ने कहा कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो अगस्त 2026 से प्रदेशभर के कोटेदार खाद्यान्न वितरण कार्य का बहिष्कार करेंगे। इस दौरान वितरण संबंधी किसी भी प्रकार की असुविधा की जिम्मेदारी विभाग और शासन की होगी। संगठन ने शासन से जल्द सकारात्मक निर्णय लेकर प्रदेश के कोटेदारों के हितों की रक्षा करने की अपील की है। इस मौके पर विजय प्रताप सिंह, अनुराग द्विवेदी, श्याम सिंह आदि शामिल रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

