उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के असोथर थाना क्षेत्र में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने भाई की तहरीर पर पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के तिवारी का पुरवा मजरे सातोधरमपुर निवासी शत्रोहन पासवान ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वर्ष 2017 में उसकी बहन सविता की शादी पासिन का डेरा मजरे सरकंडी निवासी महेश पुत्र रामबरन पासवान के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से पति उसकी बहन को लगातार प्रताड़ित करता था। मायके आने पर वह प्रताड़ना की बात बताती थी, जिस पर परिजन उसे समझाकर ससुराल भेज देते थे, लेकिन पति के व्यवहार में कोई सुधार नहीं हुआ। आरोप है कि पति की प्रताड़ना से तंग आकर 22 जून 2026 को सविता ने जहरीला पदार्थ खा लिया। सूचना पर परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने कानपुर रेफर कर दिया। कानपुर ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई। अगले दिन पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्यवाई कराई गई। थानाध्यक्ष राम शंकर सरोज ने बताया कि मृतिका के भाई की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर अग्रिम विधिक कार्यवाई की जाएगी।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

