उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के धाता थाना क्षेत्र के अमदरा गांव निवासी 24 वर्षीय तालिब अली की सड़क हादसे में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना 2 जुलाई की शाम की है, जब वह कौशांबी जिले के उद्धहिन बाजार से मोटर साइकिल से घर अमदरा लौट रहे थे। पुलिस चौकी और फायर स्टेशन के पास अचानक एक महिला सड़क पार करने लगी। उसे बचाने के प्रयास में तालिब अली बाइक से नियंत्रण खो बैठे और सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। दो दिनों तक चले उपचार के बाद शनिवार रात उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद रविवार को शव गांव पहुंचा तो मातम छा गया। तालिब अविवाहित थे। युवक की असमय मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

