उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में प्रथम स्वतंत्रता संग्राम 1857 के महान सेनानी शहीद डिप्टी कलेक्टर हिकमतउल्ला खां का 169वां बलिदान दिवस रविवार को श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया गया। शहीद डिप्टी कलेक्टर हिकमत उल्ला सेवा संस्थान की ओर से हिकमत उल्ला पार्क में आयोजित श्रद्धांजलि गोष्ठी में वक्ताओं ने उनके साहस, देशभक्ति और बलिदान को याद करते हुए श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सदर नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष राजकुमार मौर्य एडवोकेट और बार काउंसिल फतेहपुर के अध्यक्ष बाबू सिंह यादव एडवोकेट विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के अध्यक्ष मुहीउद्दीन एडवोकेट ने की। उन्होंने कहा कि 1857 की क्रांति के दौरान हिकमतउल्ला खां ने अंग्रेजी शासन के विरुद्ध महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने जेल के ताले खुलवाकर कैदियों को मुक्त कराया और क्रांतिकारियों द्वारा फतेहपुर पर कब्जा होने के बाद लगभग 32 दिनों तक स्वतंत्र शासन का संचालन किया। वक्ताओं ने कहा कि 12 जुलाई 1857 को अंग्रेजी सेना ने उन्हें गिरफ्तार कर बिना मुकदमे के कोतवाली फतेहपुर गेट पर फांसी दे दी थी। गोष्ठी के उपरांत सभी प्रतिभागियों ने कोतवाली स्थित शहीद स्थल पहुंचकर पुष्पांजलि अर्पित की और उनके बलिदान को नमन किया। इस अवसर पर अधिवक्ता, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

