उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के गाजीपुर थाना क्षेत्र के सुकेती गांव में रविवार को 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन से बड़ा हादसा हो गया। गांव निवासी वकील पुत्र अयूब खान की करीब 1.20 लाख रुपये मूल्य की दुधारू भैंस घास के मैदान में चर रही थी। इसी दौरान जमीन पर गिरे हाईटेंशन तार की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। भैंस को बचाने के लिए दौड़े उसके दो सगे भाई इसलाम और इरशाद भी करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए दोनों को करंट से बाहर निकाला और तत्काल गाजीपुर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि जर्जर हाईटेंशन तार पहले से टूटा हुआ था, लेकिन बिजली विभाग ने उसे ठीक नहीं कराया, जिससे यह हादसा हुआ। घटना के बाद गांव में बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश है। पीड़ित वकील कुरैशी ने गाजीपुर थाने में तहरीर देकर दोषी विद्युत कर्मियों के खिलाफ कार्यवाई और भैंस की मौत व घायलों के उपचार के लिए मुआवजे की मांग की है। पुलिस ने तहरीर लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

