उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के ऐरायाँ विकास खंड के कोड़ारवर गांव के किसानों ने कृषि रक्षा इकाई खागा केंद्र से खरीदे गए मक्का के बीज को खराब बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। किसानों का कहना है कि बीज, खाद, दवा और सिंचाई सहित हजारों रुपये खर्च करने के बावजूद फसल में दाने नहीं पड़े, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है। कोड़ारवर गांव के किसान उदय सिंह पटेल एवं अजय सिंह पटेल ने बताया कि उन्होंने कृषि रक्षा इकाई खागा केंद्र से दो बीघा खेती के लिए मक्का का बीज खरीदा था। फसल की बुवाई के बाद करीब ढाई महीने तक लगातार देखभाल की गई। इस दौरान बीज, खाद, दवा व अन्य कृषि कार्यों पर लगभग 10 से 15 हजार रुपये खर्च हुए, लेकिन जब फसल तैयार हुई तो अधिकांश भुट्टे पूरी तरह खाली निकले। कुछ भुट्टों में केवल 3 से 5 प्रतिशत तक ही दाने विकसित हुए। किसानों का आरोप है कि उन्हें खराब अथवा गुणवत्ता विहीन बीज उपलब्ध कराया गया, जिसके कारण पूरी फसल बर्बाद हो गई। उन्होंने मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई के लिए उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है। हालांकि, इस मामले में कृषि रक्षा इकाई का पक्ष समाचार लिखे जाने तक प्राप्त नहीं हो सका है। यदि विभाग की ओर से कोई प्रतिक्रिया मिलती है तो उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

