उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले स्वास्थ्य विभाग ने सोमवार को जिले में बड़ी कार्यवाई करते हुए थरियांव पूर्वी बाईपास स्थित एसआर मेडिसिटी हॉस्पिटल को सीज कर दिया। अस्पताल निर्धारित मानकों का पालन नहीं कर रहा था। एसीएमओ डॉ. पी.के. सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम भारी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंची और उसे सील कर दिया। विभाग का कहना है कि अस्पताल को पहले नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन उसके बाद भी मानकों में सुधार नहीं किया गया।स्वास्थ्य विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि जिले में कई निजी अस्पताल, क्लीनिक और पैथोलॉजी केंद्र बिना जरूरी मानकों और दस्तावेजों के संचालित हो रहे हैं। इसी के तहत मंगलवार को एसआर मेडिसिटी हॉस्पिटल पर छापेमारी की गई। जांच में खामियां पाए जाने पर तत्काल सीज की कार्यवाई की गई।
कार्रवाई के दौरान अस्पताल में भर्ती मरीजों को वैकल्पिक व्यवस्था के तहत दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट कराया गया।इस संबंध में एसीएमओ डॉ. पी.के. सिंह ने कहा कि बिना मानकों के चल रहे अस्पतालों, क्लीनिकों और पैथोलॉजी केंद्रों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि मरीजों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। जो भी संस्थान सरकारी गाइडलाइन का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। एसआर मेडिसिटी को सीज किए जाने के बाद जिले के अन्य निजी अस्पतालों और पैथोलॉजी संचालकों में हड़कंप मच गया है। कई संचालक अपने दस्तावेज और सुविधाएं दुरुस्त करने में जुट गए हैं। स्वास्थ्य विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि वे इलाज के लिए केवल मान्यता प्राप्त और मानकों पर खरे उतरने वाले अस्पतालों का ही चुनाव करें।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

