G-FG6935EM07

उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के हथगाम बाजार मोड के पास लगे 100 केवी ट्रांसफार्मर के बार-बार फुंकने से वार्ड नंबर 6 और वार्ड नंबर 13 के उपभोक्ता पिछले कई दिनों से अंधेरे और गर्मी से जूझ रहे हैं। 26 जून 2026 से बिजली आपूर्ति ठप होने और 5 दिन के भीतर 3 ट्रांसफार्मर जल जाने से आक्रोशित उपभोक्ताओं ने सोमवार को अवर अभियंता को ज्ञापन सौंपकर बाजार मोड पर 250 केवी का ट्रांसफार्मर तुरंत लगाने की मांग की। लगभग तीन दर्जन उपभोक्ताओं ने हस्ताक्षर कर अवर अभियंता जितेन्द्र पाल से मिलकर कहा कि मौजूदा 100 केवी का ट्रांसफार्मर दोनों वार्डों का लोड नहीं उठा पा रहा है। इसी वजह से बार-बार फॉल्ट आ रहा है। भीषण गर्मी में घरों में पंखे-कूलर नहीं चल पा रहे और पीने के पानी के लिए भी लोग तरस रहे हैं। उपभोक्ताओं की मांग पर जेई जितेन्द्र पाल ने एसडीओ से बात की। उन्होंने आश्वस्त किया कि हथगाम बाजार मोड पर 250 केवी का ट्रांसफार्मर पहले से स्वीकृत है और उसे जल्द से जल्द स्थापित किया जाएगा। फिलहाल राहत के लिए विभाग आज या कल तक इसी स्थान पर नया 100 केवी ट्रांसफार्मर लगाने जा रहा है ताकि बिजली आपूर्ति तुरंत बहाल हो सके। अधिकारियों के समझाने के बाद उपभोक्ता अस्थायी रूप से 100 केवी ट्रांसफार्मर लगवाने पर राजी हुए, लेकिन साथ ही यह भी स्पष्ट किया कि 250 केवी ट्रांसफार्मर लगाने की प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए उपभोक्ताओं का कहना है कि जब तक 250 केवी का ट्रांसफार्मर नहीं लगता, तब तक कटौती और फॉल्ट की समस्या बनी रहेगी। अब विभाग के आश्वासन के बाद वार्ड 6 और 13 के लोगों को उम्मीद है कि गर्मी में उन्हें जल्द राहत मिलेगी।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

By

Share
Share