उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत देशभर के 75 पुनर्विकसित अमृत भारत स्टेशनों का लोकार्पण किया। इसी क्रम में फतेहपुर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकसित स्वरूप के उद्घाटन के उपलक्ष्य में फतेहपुर रेलवे स्टेशन परिसर में भव्य स्थानीय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की माननीय अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उनके साथ माननीय विधायक, जहानाबाद राजेन्द्र सिंह पटेल, माननीय विधायक, अयाह शाह विकास गुप्ता तथा भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद देश में रेलवे, सड़क, उद्योग सहित प्रत्येक क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि यदि वर्ष 2014 से पूर्व के फतेहपुर रेलवे स्टेशन की तुलना आज के पुनर्विकसित स्टेशन से की जाए तो दोनों में जमीन-आसमान का अंतर स्पष्ट दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के विकास कार्यों का प्रत्यक्ष लाभ आम जनता को मिल रहा है। उन्होंने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं माननीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को बधाई देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत देशभर के 1,305 रेलवे स्टेशनों का चरणबद्ध पुनर्विकास किया जा रहा है। इसके अंतर्गत आधुनिक स्टेशन भवन, उन्नत सर्कुलेटिंग एरिया, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, आधुनिक प्रतीक्षालय तथा बेहतर यात्री सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि देशभर में अब तक 261 अमृत भारत स्टेशन विकसित किए जा चुके हैं। इसी क्रम में उत्तर मध्य रेलवे के प्रथम चरण में 9 स्टेशनों के बाद आज 8 और पुनर्विकसित स्टेशनों को राष्ट्र को समर्पित किया गया है, जिनमें फतेहपुर रेलवे स्टेशन भी शामिल है। उन्होंने कहा कि यह फतेहपुर वासियों के लिए गर्व का क्षण है तथा इस नई सौगात से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। इस अवसर पर माननीय विधायक राजेन्द्र सिंह पटेल, विधायक विकास गुप्ता तथा भाजपा जिलाध्यक्ष अन्नू श्रीवास्तव ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए पुनर्विकसित फतेहपुर स्टेशन को क्षेत्र के विकास एवं यात्री सुविधाओं की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक, प्रयागराज मंडल, रजनीश अग्रवाल ने कहा कि आज माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा राष्ट्र को समर्पित किए जा रहे 75 अमृत भारत स्टेशन भारतीय रेलवे के आधुनिकीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर हैं। उन्होंने बताया कि फतेहपुर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास लगभग ₹38 करोड़ की लागत से किया गया है, जिसके अंतर्गत आधुनिक स्टेशन भवन के साथ 12 मीटर चौड़ा नवीन फुट ओवर ब्रिज, आकर्षक स्टेशन भवन, उन्नत सर्कुलेटिंग एरिया, आधुनिक प्रतीक्षालय, दिव्यांगजन अनुकूल सुविधाएं, बेहतर प्रकाश व्यवस्था, सुगम यात्री सुविधाएं एवं अन्य आधुनिक अधोसंरचनाओं का विकास किया गया है। उन्होंने कहा कि गंगा एवं यमुना जैसी पावन नदियों के मध्य स्थित फतेहपुर, प्रयागराज और कानपुर के बीच अपनी महत्वपूर्ण भौगोलिक स्थिति के कारण लाखों यात्रियों का प्रमुख संपर्क केंद्र है। स्टेशन के आधुनिक स्वरूप से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी तथा क्षेत्र की कनेक्टिविटी और क्षेत्रीय विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि आज का यह समारोह केवल एक स्टेशन के उद्घाटन का अवसर नहीं, बल्कि विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विद्यालयों में आयोजित चित्रकला (ड्राइंग) एवं निबंध प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को मुख्य अतिथि साध्वी निरंजन ज्योति द्वारा सम्मानित एवं पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति भी दी गई, जिसकी उपस्थित जनसमूह ने सराहना की। कार्यक्रम का अंत में अपर मंडल रेल प्रबंधक सामान्य दीपक कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन दिया। कार्यक्रम के समापन पर माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत 75 पुनर्विकसित स्टेशनों के राष्ट्र को समर्पण समारोह का सीधा प्रसारण उपस्थित जनसमूह को दिखाया गया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक फ्रेट सीरत फातिमा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) तथा प्रयागराज मंडल के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, विद्यार्थियों, रेलवे कर्मचारियों तथा स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता कर इस ऐतिहासिक अवसर के साक्षी बने।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414
जिले को मिली बड़ी सौगात, प्रधानमंत्री ने राष्ट्र को समर्पित किया पुनर्विकसित फतेहपुर अमृत भारत स्टेशन
