उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सुल्तानपुर घोष थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। कमपुर मोड़ पर वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक शातिर बाइक चोर को गिरफ्तार कर उसके पास से चोरी की मोटरसाइकिल और फर्जी नंबर प्लेट बरामद की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मंगलवार को सुल्तानपुर घोष पुलिस टीम कमपुर मोड़ पर संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक युवक संदिग्ध हालत में बाइक लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस ने रोककर कागजात मांगे तो वह घबरा गया। कड़ाई से पूछताछ और वाहन के इंजन-चेसिस नंबर की जांच में बाइक चोरी की निकली।गिरफ्तार आरोपी की पहचान राम सिंह उर्फ ननू यादव पुत्र बाबूदेव यादव, निवासी ग्राम देवरा, थाना सुल्तानपुर घोष के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक बरामद बाइक हीरो स्प्लेंडर आई-स्मार्ट है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि पहचान छिपाने के लिए उसने चोरी की बाइक पर दूसरी मोटरसाइकिल की नंबर प्लेट लगा रखी थी। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस ने कहा कि जनपद में वाहन चोरी और अन्य अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। आम लोगों से अपील की गई है कि वाहन खरीदते समय उसके कागजात जरूर जांचें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

