उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के असोथर थाना क्षेत्र के पुर बुजुर्ग चौराहे के पास मंगलवार को कार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने की टक्कर में छह लोग घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार नाले में जा गिरे, जबकि कार बिजली का पोल तोड़ते हुए नाला पार कर खेत में जा गिरी। हादसे में कार के एयरबैग खुल जाने से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस के अनुसार, मंगलवार को पीआरवी 5609 को इवेंट नंबर 14240 के माध्यम से कार और मोटर साइकिल की दुर्घटना की सूचना मिली। सूचना पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक बृजेंद्र कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। जांच में पता चला कि वेन्यू कार (यूपी 71 बीए 6579) असोथर से विजयपुर की ओर जा रही थी। वहीं हीरो एचएफ डीलक्स बाइक (यूपी 71 बीएल 9036) ग्राम सातों धरमपुर से निकलकर पुर बुजुर्ग चौराहे पर मुख्य मार्ग पर चढ़ रही थी।

इसी दौरान दोनों वाहनों में जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार कुलदीप पुत्र रमेश पासवान (35), छोटू पुत्र मुन्ना (25) और ननका पुत्र मुन्ना (22), निवासी ग्राम सातों धरमपुर, घायल हो गए। टक्कर के बाद तीनों बाइक समेत सड़क किनारे नाले में जा गिरे। वहीं कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली का पोल तोड़ते हुए नाला पार कर खेत में जा गिरी। कार में सवार रोहित पुत्र सुरेश कुमार (25), बिट्टन देवी पत्नी छड़ी (50) तथा अनूपा देवी पत्नी कामता प्रसाद (45), निवासी रामनगर, थाना खागा, भी घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस की सहायता से जिला अस्पताल सदर भिजवाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। थाना प्रभारी राजीव मिश्रा ने बताया कि पुर बुजुर्ग चौराहे पर कार और मोटर साइकिल की टक्कर में छह लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्यवाई की जाएगी।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

