उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के असोथर थाना पुलिस ने कूटरचित आधार-पैन कार्ड बनाकर किसान क्रेडिट कार्ड के जरिए बैंक से 13 लाख रुपये का लोन लेकर धोखाधड़ी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस मामले में पुलिस ने एक मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। असोथर थाना क्षेत्र के कुसुम्भी गाँव निवासी मान सिंह उर्फ लखन सिंह पुत्र महादेव सिंह ने थाने में तहरीर दी थी। उनका आरोप था कि कुछ लोगों ने उनके नाम से कूटरचित आधार कार्ड, पैन कार्ड और अन्य फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनकी कृषि भूमि को बैंक में गिरवी दिखाया। इसके बाद बैंक ऑफ इंडिया, चौक शाखा फतेहपुर से किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) के माध्यम से 13,06,000 रुपये का ऋण पास कराकर आपस में बंटवारा कर लिया। बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक व क्षेत्राधिकारी धरियाव के पर्यवेक्षण पुलिस ने इस प्रकरण में प्रकाश में आए आरोपी अजयपाल विश्वकर्मा पुत्र कालिका, निवासी सोनवरसा, थाना गाजीपुर, जनपद फतेहपुर, उम्र करीब 55 वर्ष को गिरफ्तार किया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसने अपने आधार कार्ड में कूटरचित संशोधन कराकर वादी मान सिंह का नाम चढ़वाया था। इसके बाद फर्जी दस्तावेजों के सहारे बैंक से लोन की साजिश में सक्रिय भूमिका निभाई। पूछताछ में अजयपाल ने बताया कि उसकी पहचान सह-अभियुक्त कुक्कू दुबे उर्फ कछई दुबे के जरिए अवध नारायण तिवारी और विष्णु कुमार उर्फ पुल्लू सिंह से हुई थी। सभी ने मिलकर योजना बनाई।पहले वादी के आधार कार्ड में कूटरचित संशोधन कर उसका नाम डाला। फिर वादी की कृषि भूमि और अन्य अभिलेखों का दुरुपयोग कर बैंक ऑफ इंडिया से KCC के लिए फर्जी फाइल तैयार की। लोन पास होने के बाद 13.06 लाख में से करीब 7 लाख रुपये अजयपाल को दिए गए। बाकी रकम अन्य साथियों ने आपस में बांट ली। अजयपाल ने यह भी स्वीकार किया कि उसने सभी बैंक प्रपत्रों पर खुद हस्ताक्षर किए थे और फर्जी पहचान के आधार पर लोन दिलाने में मदद की। कुक्कू दुबे और अनुराग द्विवेदी इस पूरे प्रकरण में गारंटर बने थे। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रकरण में शामिल अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की भूमिका और उपलब्ध साक्ष्यों के संबंध में आगे विधिक कार्यवाई जारी है।फिलहाल पुलिस इस गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश में दबिश दे रही है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

