उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले की सदर तहसील क्षेत्र के रामपुर थरियांव स्थित अस्थाई गौ–आश्रय स्थल का जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने गौ–आश्रय स्थल पर रखी गयी समस्त पंजिकाओं का परीक्षण किया। साथ ही आश्रय स्थल में रखे गये पशुओं के स्वास्थ्य का जायजा लिया। उन्होंने हरे चारे, भूसे एवं दाने के स्टॉक की भी भौतिक जांच की तथा स्टॉक रजिस्टर का मिलान किया। उन्होंने हरे चारे की बुवाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए और कहा कि गौ–आश्रय स्थल परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में जो भी भूमि उपलब्ध है, उसमें नेपियर घास/ज्वार/बरसीम की बुवाई अनिवार्य रूप से कराई जाए, जिससे पशुओं को हरे चारे की उपलब्धता बनी रहे। उन्होंने वर्मी कंपोस्ट इकाई स्थापित करने पर जोर दिया और निर्देशित किया कि पशुओं के गोबर से वर्मी कंपोस्ट खाद तैयार कर उसे बेचकर गोशाला की आय बढ़ाई जाए तथा जैविक खेती को बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने सुरक्षा एवं निगरानी के दृष्टिगत मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को आश्रय स्थल पर लगे सीसीटीवी/डीवीआर कैमरों को प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए। बेसहारा पशुओं की सुरक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, पशु चिकित्साधिकारी, खण्ड विकास अधिकारी, ग्राम सचिव, लेखपाल एवं नायब तहसीलदार सहित संबंधित उपस्थित रहे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

