उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम लगाने और युवाओं में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शनिवार को जनता इंटर कॉलेज, मोहम्मदपुर गौती में ‘ट्रैफिक की पाठशाला’ का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा अभियान के तहत आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वरिष्ठ सीएसआर एवं सुरक्षा प्रबंधक फिरोज़ खान मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे। उन्होंने छात्र-छात्राओं को रोजमर्रा की जिंदगी से जुड़े ट्रैफिक नियमों को बेहद सरल तरीके से समझाया। फिरोज़ खान ने कहा कि दोपहिया चलाते समय हेलमेट और चार पहिया में सीट बेल्ट लगाना कोई औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का सबसे बड़ा उपाय है। इसके साथ ही उन्होंने ओवरस्पीड, गलत दिशा में वाहन चलाने, मोबाइल पर बात करते हुए ड्राइविंग और बिना लाइसेंस वाहन चलाने के खतरों के बारे में भी विस्तार से बताया। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे खुद भी नियमों का पालन करें और अपने घर-परिवार को भी इसके लिए प्रेरित करें। विद्यालय के प्रधानाचार्य मो. आज़म ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा, हेलमेट और सीट बेल्ट आपकी सुरक्षा कवच हैं। इन्हें अपनाकर ही हम सुरक्षित घर लौट सकते हैं। सड़क पर एक छोटी सी लापरवाही पूरे परिवार को भारी पड़ सकती है।” कार्यक्रम के समापन पर करीब 500 से 600 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने सामूहिक रूप से सड़क सुरक्षा की शपथ ली। सभी ने संकल्प लिया कि वे यातायात नियमों का पालन करेंगे और सुरक्षित यातायात का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे। शपथ के बाद छात्र-छात्राओं ने हाथों में सड़क सुरक्षा के स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर परिसर में जागरूकता रैली भी निकाली। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि ‘सड़क सुरक्षा, जीवन रक्षा’ का संदेश हर घर तक पहुंचे।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

