उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के विजयीपुर विकासखंड के महेशपुर मठैठा गाँव में मंगलवार देर रात हुई तेज बारिश एक गरीब परिवार पर भारी पड़ गई। लगातार हुई वर्षा के कारण उमेश सिंह का जर्जर कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। हादसे के समय परिवार के बच्चे उसी मकान की छत के नीचे सो रहे थे। छत गिरने की तेज आवाज सुनकर परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा तुरंत मलबा हटाकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में एक बच्ची को हल्की चोट आई, जबकि परिवार के अन्य सभी सदस्य सुरक्षित हैं। घटना के बाद परिवार दहशत में है और रहने के लिए सुरक्षित स्थान की तलाश कर रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि उमेश सिंह का परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है। उन्हें अब तक किसी भी सरकारी आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका, जिसके कारण वे जर्जर कच्चे मकान में रहने को मजबूर थे। ग्रामीणों ने प्रशासन से परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता और पक्का आवास उपलब्ध कराने की मांग की है। इस संबंध में क्षेत्रीय लेखपाल शिवदत्त पांडे ने बताया कि जीपीएस फोटो उपलब्ध होने के बाद मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी तथा नियमानुसार सहायता दिलाने का प्रयास किया जाएगा। मौसम विभाग द्वारा अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में प्रशासन ने लोगों से जर्जर मकानों से दूर रहने और सतर्कता बरतने की अपील की है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

