उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के जाफरगंज थाना क्षेत्र के गहरूखेड़ा गांव में गुरुवार और शुक्रवार की मध्य रात एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्यवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार गहरूखेड़ा निवासी 65 वर्षीय भगमनिया पत्नी मुन्ना निषाद पिछले लगभग एक माह से मानसिक अवसाद से जूझ रही थीं। परिजनों के अनुसार गुरुवार रात करीब नौ बजे वह घर से लापता हो गई थीं। काफी देर तक परिजनों ने खेतों, नलकूप और आसपास के क्षेत्रों में उनकी तलाश की। बाद में पुराने मकान में उनका शव धन्नी में साड़ी के सहारे टंगा हुआ मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। मृतिका के पति मुन्ना निषाद ने बताया कि उनकी पत्नी का पिछले कुछ समय से मानसिक संतुलन ठीक नहीं था और वह अक्सर परेशान रहती थीं। उसके दो पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। तीनों पुत्रियों का विवाह हो चुका है। बड़ा पुत्र अर्जुन बेंगलुरु में निजी कार्य करता है, जबकि छोटा पुत्र करन अविवाहित है। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार शुक्ल ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जिससे मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

