उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के असोथर नगर पंचायत असोथर के वार्ड नंबर 14 प्रताप नगर में रविवार को एक माइक्रो क्रेडिट कंपनी के एरिया मैनेजर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतक की पहचान 47 वर्षीय रमेश कुमार गुप्ता पुत्र स्वर्गीय भगवानदीन निवासी खुलसा, लोहता जनपद वाराणसी के रूप में हुई है। वह कैशपार माइक्रो क्रेडिट प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में एरिया मैनेजर के पद पर कार्यरत थे। कंपनी का कार्यालय शिवभवन निषाद के मकान स्थित तीसरी मंजिल में पिछले करीब 10 वर्षों से संचालित हो रहा है। बताया जा रहा है कि रमेश कुमार अपने सहकर्मियों नीरज मिश्रा (सेक्टर मैनेजर) और राहुल कुमार (एरिया मैनेजर) के साथ वहीं रहते थे। रविवार होने के कारण नीरज मिश्रा और राहुल कुमार फील्ड में गए हुए थे। जब वे वापस लौटे तो रमेश कुमार कमरे में बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़े मिले। घटना की सूचना तत्काल परिजनों को दी गई और पुलिस को 112 नंबर पर कॉल किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल शुरू कर दी। नीरज मिश्रा ने बताया कि रमेश पिछले दो-तीन दिनों से बुखार से पीड़ित थे । और स्थानीय स्तर पर ही इलाज करा रहे थे। रविवार को फील्ड से लौटने पर उन्हें मृत पाया गया।परिजनों को सूचना दे दी गई है, जिसके बाद परिजन घर से असोथर के लिए रवाना हो गए हैं। बताया जा रहा है कि मृतक के परिवार में पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। पत्नी बच्चों के साथ वाराणसी स्थित घर पर रहती हैं। पुलिस ने फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य संकलन कराया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया है। इस मामले में थाना प्रभारी राजीव मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

