उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले की सदर कोतवाली क्षेत्र के शादीपुर मोहल्ले में पत्नी की हत्या कर उसे दुर्घटना बताने का प्रयास करने वाले सरकारी शिक्षक पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के पास से हत्या में उपयोग कुकर का ढक्कन, प्लास्टिक का बाथटब और अन्य सामान भी बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार, धर्म सिंह पुत्र स्व. विंदा प्रसाद निवासी ग्राम जखनी, थाना राधानगर ने कोतवाली में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी शालिनी यादव की शादी दिलीप कुमार पुत्र महादेव निवासी ग्राम अन्दीपुर, थाना असोथर से हुई थी। शालिनी का एक 8 वर्षीय बेटा है। वर्तमान में दोनों फतेहपुर के मोहल्ला नासिरपीर में किराए के मकान में रहते थे। तहरीर में आरोप है कि दिलीप कुमार का किसी अन्य महिला से संबंध था। शालिनी द्वारा विरोध करने पर दोनों में आए दिन झगड़ा होता था और दिलीप उसे जान से मारने की धमकी भी देता था। बारह अगस्त को जारी पुलिस प्रेसनोट के मुताबिक, पूछताछ में दिलीप ने बताया कि 7-8 अगस्त 2026 की रात करीब 5:15 बजे शालिनी आंगन में बर्तन धो रही थी। इसी दौरान उसने पीछे से कुकर के एल्युमीनियम ढक्कन से सिर पर तीन बार वार किया। शालिनी बेहोश होकर गिर गई। इसके बाद आरोपी ने उसे पानी से भरे प्लास्टिक के बाथटब में डुबोकर हत्या कर दी। सबूत मिटाने के लिए आरोपी ने बाथटब का पानी निकाल दिया और खून के धब्बे धो दिए। फिर शव को टियागो कार से अयोध्या हॉस्पिटल, ताम्बेश्वर मंदिर के पास ले जाकर गिरने से चोट बताई। डॉक्टरों ने शालिनी को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को वापस लाकर भी हादसा बताने की कोशिश की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और सीओ नगर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक हेमन्त कुमार मिश्र के नेतृत्व वाली टीम ने आरोपी दिलीप कुमार उम्र करीब 30 वर्ष को नासिरपीर से गिरफ्तार किया। दिलीप प्राथमिक विद्यालय में सरकारी अध्यापक है, जबकि मृतिका शालिनी दत्त मिशन स्कूल फतेहपुर में प्राइवेट अध्यापिका थी। पुलिस ने आरोपी के पास से आला कत्ल कुकर का एल्युमीनियम ढक्कन टूटे कांच के गिलास के 6 टुकड़े प्लास्टिक का बाथटब एक मोबाइल फोन, 70 रुपये नकद, काली रंग की मोटर साइकिल पैशन प्रो UP71R9541 बरामद की है। इस मामले में थाना कोतवाली पर मु0अ0सं0 368/2026 धारा 103(1)/238 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। एफआईआर में दिलीप के भाई संदीप कुमार और भूपेन्द्र का भी नाम है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

By

Share
Share
error: Content is protected !!