उत्तर प्रदेश फतेहपुर जनपद में जमीन के नाम पर ठगी का एक और मामला सामने आया है। खखरेंरू थाना क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति ने खुद को अधिवक्ता बताकर एक महिला को विश्वास में लिया और रेलवे लाइन के पास जमीन दिलाने का झांसा देकर 75 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार थाना खखरेंरू में मु0अ0सं0 0039/2026 धारा 318(4) बी.एन.एस. के तहत केस दर्ज किया गया है। वादिनी ने तहरीर में बताया कि “बिनोद कुमार त्रिपाठी” नाम के एक व्यक्ति ने खुद को वकील बताकर उनसे संपर्क किया। आरोपी ने खागा क्षेत्र में नई मालगाड़ी रेलवे लाइन के पास रेलवे क्रॉसिंग के निकट जमीन दिखाकर उसे सस्ते में बेचने का प्रलोभन दिया। इसी बहाने आरोपी ने महिला से 75,000 रुपये नगद ले लिए। रकम लेते ही वह मौके से फरार हो गया। पुलिस की कार्यवाई और इनाम की घोषणा मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने तत्काल संज्ञान लिया है। अज्ञात अभियुक्त की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को निर्देश दिए गए हैं। साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज की भी जांच की जा रही है। एसपी ने घोषणा की है कि आरोपी की पहचान कराने या गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने वाले व्यक्ति को उचित पुरस्कार दिया जाएगा। सूचना देने वाले का नाम पता पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा। पुलिस ने जनपद वासियों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या जानकारी मिलने पर नजदीकी थाना या उपरोक्त नंबरों पर तुरंत सूचना दें। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और जल्द गिरफ्तारी का दावा कर रही है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

