उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में मिशन शक्ति फेज-5.0 के द्वितीय चरण के अंतर्गत परित्यक्ता, तलाकशुदा, निराश्रित और दहेज उत्पीड़न की शिकार महिलाओं एवं बालिकाओं के उत्थान के लिए पुलिस ने रविवार को जनपद भर में बहू-बेटी अभियान का आयोजन किया। पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के निर्देशन में जिले के सभी थानों की मिशन शक्ति टीमों और एंटी रोमियो टीमों ने गांव-कस्बों में चौपाल, जागरूकता सम्मेलन और संवाद कार्यक्रम आयोजित कर महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक किया। गांव तक पहुंची जानकारी अभियान का फोकस समाज की सबसे कमजोर और जरूरतमंद महिलाओं पर रहा। टीमों ने परित्यक्ता, विधवा, तलाकशुदा और कामकाजी महिलाओं व बालिकाओं से सीधे संवाद कर उन्हें महिला सुरक्षा, स्वावलंबन और सशक्तिकरण के उपाय बताए। दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध और समाज में व्याप्त कुरीतियों से बचाव के तरीकों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही महिला एवं बाल कल्याण से जुड़ी स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण योजनाओं की जानकारी दी गई। नए आपराधिक कानूनों की दी गई जानकारी अभियान के दौरान पुलिस ने महिलाओं को एक जुलाई 2023 से लागू हुए तीन नए आपराधिक कानूनों के बारे में भी बताया टीमों ने पीड़ित-केंद्रित न्याय व्यवस्था के विशेष प्रावधानों को सरल भाषा में समझाया और विधिक सहायता के लिए फैमिली काउंसलिंग व निःशुल्क विधिक परामर्श की सुविधा के बारे में पंपलेट भी वितरित किए। सरकारी योजनाओं और हेल्पलाइन नंबर बताए महिलाओं को शासन की प्रमुख योजनाओं की जानकारी दी गई, जिनमें शामिल हैं।निराश्रित महिला पेंशन योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, नारी शक्ति वंदन योजना, नारी सम्मान-नारी सुरक्षा योजना और कन्या सुमंगला योजना। महिला सुरक्षा के लिए जरूरी हेल्पलाइन नंबर भी बताए गए: डायल 112, महिला हेल्पलाइन 181, वूमेन पावर लाइन 1090, जननी सुरक्षा 102, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, एंबुलेंस 108, साइबर हेल्पलाइन 1930 पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य सिर्फ कानून बताना नहीं, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाकर समाज में सम्मान के साथ जीने का हौसला देना है। इस अभियान से जिले भर की महिलाओं और बालिकाओं में जागरूकता बढ़ने के साथ ही उनमें अपने अधिकारों के प्रति विश्वास भी जगा है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

