उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में कांग्रेस ने संगठन सृजन अभियान के तहत जिले में बड़े बदलाव की तैयारी कर ली है। पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश पर्यवेक्षकों ने अब तक 12 ब्लॉकों का दौरा पूरा कर लिया है। इस दौरान पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से एकांत में बातचीत के बाद जिला संगठन की जमीनी स्थिति को लेकर रिपोर्ट तैयार की जा रही है। राष्ट्रीय सचिव बीरेंद्र राठौर जिला और शहर कमेटी के कामकाज पर लगातार नजर रख रहे हैं। वहीं फ्रंटल संगठनों के प्रभारी अवनीश सलूजा जिले में प्रवास कर पूर्व से तैनात पदाधिकारियों से फीडबैक ले रहे हैं। अवनीश सलूजा ने बताया कि जिन संगठनों में कामकाज निष्क्रिय पाया गया है। उन्हें तत्काल हटाया जा रहा है और नई नियुक्तियों की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का साफ निर्देश है कि संगठन में दागी छवि वाले लोगों को कोई स्थान नहीं दिया जाएगा। कांग्रेस एक सैद्धांतिक पार्टी है और इसमें अपराधियों के लिए जगह नहीं है। जिला अध्यक्ष महेश द्विवेदी और शहर अध्यक्ष आरिफ गुड्डा ने संयुक्त बयान में कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जाएगा। इसके लिए मौजूदा संगठन में से निष्क्रिय पदाधिकारियों को हटाकर काम करने वाले निष्ठावान युवाओं को जिम्मेदारी दी जाएगी। सृजन अभियान में पार्टी उपाध्यक्ष कलीम उल्ला सिद्दीकी, अरुण जायसवाल और पार्टी प्रवक्ता ई. देवी प्रकाश दुबे भी पर्यवेक्षकों के साथ लगातार समन्वय कर रहे हैं और फीडबैक जुटाने में सहयोग कर रहे हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि नए चेहरों को मौका देने से कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ेगा और संगठन पहले से ज्यादा सक्रिय होगा।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

