Spread the love

उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले में सरकार द्वारा गरीबों को पक्की छत मुहैया कराने के लिए प्रधानमंत्री आवास योजना और मुख्यमंत्री आवास योजना संचालित कर रही है, लेकिन बरसात में इन योजनाओं की जमीनी हकीकत सामने आ रही है। खागा क्षेत्र के बरहा गांव में भारी बारिश के बाद कई कच्चे मकान भरभराकर ढह गए मकान गिरने से गरीब परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। घर-गृहस्थी का सामान भी मलबे में दब गया, जिसे ग्रामीण किसी तरह बाहर निकालकर पॉलिथीन से ढककर सुरक्षित रखने की कोशिश कर रहे हैं। मकान गिरने की जानकारी पर समाजवादी पार्टी के नेता एवं खागा विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी, पूर्व डीआईजी रामतीर्थ परमहंस गांव पहुंचे उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर हालात का जायजा लिया। गांव में भ्रमण के दौरान कई परिवारों के कच्चे मकान बारिश की मार से धराशायी मिले कुछ मकानों की दीवारें अभी खड़ी हैं, लेकिन उनके भी कभी भी गिरने का खतरा बना हुआ है जान जोखिम में डालकर लोग रहने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं पूर्व डीआईजी को बताईं उन्होंने मौके पर मौजूद लेखपाल से बातचीत कर पात्र और प्रभावित परिवारों की निष्पक्ष जांच कर सही रिपोर्ट प्रशासन को भेजने को कहा, ताकि बेघर हुए परिवारों को सरकारी आवास योजना का लाभ और तत्काल राहत मिल सके। रामतीर्थ परमहंस ने कहा कि गरीब परिवारों को आवास योजना का लाभ समय रहते मिल जाना चाहिए, ताकि बरसात में मकान गिरने जैसी घटनाओं के दौरान किसी तरह की जनहानि न हो। उन्होंने प्रशासन से गांव में वास्तविक स्थिति की जांच कराकर जर्जर और कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों को चिह्नित करने की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते पात्र परिवारों को पक्के आवास मिल जाते तो आज उन्हें बारिश के बीच सिर छिपाने के लिए भी परेशान नहीं होना पड़ता प्रशासन की ओर से अब इन परिवारों को कितनी राहत मिलती है, यह देखने वाली बात होगी।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

By