Spread the love

फतेहपुर जिले की सदर कोतवाली क्षेत्र में ईद मिलादुन्नबी के मुबारक मौके पर बुधवार को शहर में जुलूस-ए-मोहम्मदी अकीदत, अदब और एहतराम के साथ निकाला गया। जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए। हाथों में इस्लामिक परचम लिए लोग नात-ए-पाक और नारे-ए-रिसालत बुलंद करते हुए आगे बढ़े। पूरे मार्ग पर ईद मिलादुन्नबी की रौनक दिखाई दी। बारावफात के जुलूस को लेकर पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जुलूस बाकरगंज पुलिस चौकी से शुरू होकर खेलदार, पीलू तले, चौक, पीरनपुर और ज्वालागंज होते हुए वापस बाकरगंज पहुंचा। करीब एक किलोमीटर लंबे निर्धारित मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहा। एडीएम विनय पांडेय और एएसपी सत्य प्रकाश राय ने सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाली। जुलूस की निगरानी के लिए दो डीएसपी समेत करीब 100 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया, जबकि भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें मुस्तैद रहीं। जुलूस मार्ग और आसपास के इलाकों में ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की गई।

जुलूस में रास्ते भर रसूल या रसूल”, “नारा-ए-तकबीर, अल्लाहु अकबर” और “नारा-ए-रिसालत, या रसूल अल्लाह” के नारे गूंजते रहे। अकीदतमंदों ने मुल्क में अमन, खुशहाली और भाईचारे के लिए दुआ की। बच्चों और अन्य अकीदतमंदों में खासा उत्साह देखने को मिला। जुलूस के रास्ते में जगह-जगह लोगों ने अकीदतमंदों का इस्तकबाल किया। कई स्थानों पर जुलूस पर गुलाब और फूलों की बारिश की गई। अकीदतमंदों के लिए विभिन्न स्थानों पर स्टॉल लगाकर लंगर और पानी का भी इंतजाम किया गया। प्रशासन ने जुलूस के दौरान निर्धारित मार्ग का पालन करने तथा शांति और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। अधिकारियों ने लोगों से सुरक्षा व्यवस्था में सहयोग करने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने को कहा। पुलिस की मुस्तैदी और आयोजकों के सहयोग से जुलूस शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

By