उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के जाफरगंज थाना क्षेत्र के डांडा सहिमलपुर गांव में बुधवार सुबह ईद-ए-मिलादुन्नबी के मौके पर दर्दनाक हादसा हो गया। फज्र की नमाज से पहले मस्जिद में अजान देने के दौरान माइक में अचानक बिजली करंट उतरने से 80 वर्षीय बुजुर्ग मुअज्जिन की करंट की चपेट में आकर मौत हो गई। हादसे के बाद त्योहार की खुशियां मातम में बदल गईं। जानकारी के अनुसार थानां क्षेत्र के डांडा सहिमलपुर निवासी ननकू पुत्र खुदाबख्श गांव की मस्जिद की देखरेख करते थे और वहीं मुअज्जिन की जिम्मेदारी भी संभालते थे। बुधवार सुबह वह फज्र की नमाज के लिए लोगों को मस्जिद पहुंचने की अपील कर रहे थे। इसी दौरान अचानक माइक में विद्युत करंट प्रवाहित हो गया, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोगों और ग्रामीणों में कोहराम मच गया। हादसे से पूरे गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। त्योहार का माहौल देखते ही देखते मातमी माहौल में बदल गया। सूचना पर पहुंची जाफरगंज थाना पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
नोट:- पूरे महीने का विज्ञापन बुक कराए कम कीमत में सम्पर्क करें। 9044684414

